home page

गेहूं खरीद शुरू न होने से भड़के किसान, क्रय केंद्र पर किया प्रदर्शन

 | 
गेहूं खरीद शुरू न होने से भड़के किसान, क्रय केंद्र पर किया प्रदर्शन


मीरजापुर, 12 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में गेहूं खरीद शुरू हुए करीब पखवाड़ा बीत जाने के बावजूद मड़िहान तहसील क्षेत्र के रजौहां स्थित पचोखरा खुर्द सहकारी समिति के सरकारी क्रय केंद्र पर खरीद प्रक्रिया शुरू न होने से किसानों में नाराजगी बढ़ गई है। मंगलवार को आक्रोशित किसानों ने क्रय केंद्र पर प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

किसानों का कहना है कि शासन स्तर पर गेहूं खरीद को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर व्यवस्था पूरी तरह फेल साबित हो रही है। कई किसान दिनों से अपने गेहूं की तौल कराने के लिए केंद्र का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक खरीद कार्य शुरू नहीं हो सका है।

प्रदर्शन कर रहे किसानों ने बताया कि खुले में रखा गेहूं मौसम की मार झेल रहा है। समय पर तौल न होने से फसल खराब होने का खतरा बढ़ गया है। किसानों ने आरोप लगाया कि जिम्मेदार अधिकारी समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नहीं हैं।

किसानों ने प्रशासन से तत्काल खरीद शुरू कराने, तौल व्यवस्था सुचारु करने और केंद्र पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। चेतावनी दी कि जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

प्रदर्शन की सूचना पर पहुंची एडीसीओ सोनिया टंडन ने बताया कि तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं लंबित होने के कारण खरीद शुरू नहीं हो सकी है। जल्द ही सभी औपचारिकताएं पूरी कर खरीद कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा