पिकअप की टक्कर से किसान की मौत, भागते चालक ने दूसरे व्यक्ति को भी रौंदा
- राजगढ़ और ददरा बाजार में दो हादसे, रेलवे कर्मचारी गंभीर हालत में ट्रामा सेंटर रेफर
मीरजापुर, 19 अक्टूबर (हि.स.)। राजगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार रात तेज रफ्तार पिकअप ने दो स्थानों पर दो अधेड़ व्यक्तियों को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल किसान की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरे घायल रेलवे कर्मचारी को ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। किसान की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
राजगढ़ गांव निवासी 65 वर्षीय जंतु पुत्र हरख किसान थे। रविवार रात वह राजगढ़ बाजार से लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद चालक पिकअप लेकर भागने लगा। इस दौरान उसने दुर्गा पूजा और रामलीला के लिए सजावट में लगाए गए बिजली के झालरों और लोहे के करीब एक दर्जन पाइपों को भी रौंद दिया।
भागने के दौरान पिकअप चालक ने ददरा बाजार में सड़क किनारे खड़े रेलवे कर्मचारी बसंत लाल (55) को भी टक्कर मार दी। वह सोनभद्र जिले के पेटराही गांव के निवासी हैं। दोनों घायलों को ग्रामीणों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ पहुंचाया। वहां से गंभीर हालत में दोनों को रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान किसान जंतु की मौत हो गई, जबकि बसंत लाल का ट्रामा सेंटर सोनभद्र में इलाज चल रहा है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। राजगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक बालमुकुंद मिश्रा ने बताया कि पिकअप की टक्कर से दो लोग घायल हुए थे, जिनमें किसान की मौत हो गई। मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

