स्कूटी की टक्कर से किसान की मौत, चालक पकड़ा गया
मीरजापुर, 06 मार्च (हि.स.)। ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के बंजारी कलां गांव में गुरुवार रात स्कूटी की टक्कर से एक किसान की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल किसान को अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
बंजारी कलां निवासी 58 वर्षीय पन्ना लाल धरकार रात करीब आठ बजे दुकान से सामान लेने जा रहे थे। इसी दौरान मध्यप्रदेश के सीधी जिला निवासी स्कूटी चालक राम प्रताप, जो रिश्तेदारी में गांव आया था, नशे की हालत में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से किसान सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल किसान को प्रधानपति संजय सिंह अपने निजी वाहन से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सिर में गंभीर चोट होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें प्रयागराज के स्वरूप रानी चिकित्सालय ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में दुर्जनीपुर गांव के पास उनकी मौत हो गई।
सूचना पर पहुंचे एसआई मूलचंद वर्मा ने स्कूटी और चालक को हिरासत में ले लिया। मृतक की पत्नी पुतली देवी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी चालक राम प्रताप के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थानाध्यक्ष भारत सुमन ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और स्कूटी चालक को हिरासत में लेकर मामले में आगे कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

