home page

गुरु भक्ति में डूबा विंध्य, आश्रमों में उमड़ा आस्था का महासैलाब

 | 
गुरु भक्ति में डूबा विंध्य, आश्रमों में उमड़ा आस्था का महासैलाब


गुरु भक्ति में डूबा विंध्य, आश्रमों में उमड़ा आस्था का महासैलाब


- सक्तेशगढ़ परमहंस आश्रम और देवरहा हंस बाबा सिद्धाश्रम में गुरु वंदना, पूजन-अर्चन व भंडारे में जुटे श्रद्धालु

मीरजापुर, 29 जुलाई (हि.स.)। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को विंध्य क्षेत्र पूरी तरह भक्तिमय माहौल में डूब गया। सक्तेशगढ़ स्थित परमहंस आश्रम और विंध्याचल के महुवारी कला स्थित देवरहा हंस बाबा सिद्धाश्रम में गुरु दर्शन और आशीर्वाद के लिए देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, बिहार, झारखंड, दिल्ली, उत्तराखंड, ओडिशा और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गुरु चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।

सक्तेशगढ़ परमहंस आश्रम में स्वामी अड़गड़ानंद महाराज ने अपने शिष्यों को दर्शन और आशीर्वचन देते हुए कहा कि गुरु ही जीवन को सही दिशा देने वाले सच्चे मार्गदर्शक होते हैं। उन्होंने गुरु पूर्णिमा के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए महर्षि वेदव्यास के योगदान का भी उल्लेख किया। आश्रम में विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें लाखों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। वहीं महुवारी कला स्थित देवरहा हंस बाबा सिद्धाश्रम में भी गुरु पूजन, गौ-पूजन, भजन-कीर्तन और भंडारे का आयोजन हुआ। झमाझम बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ और पूरे दिन गुरु दर्शन का सिलसिला जारी रहा।

प्रशासन की ओर से दोनों आश्रमों में सुरक्षा, स्वास्थ्य, यातायात और अन्य सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल और आश्रम के सेवादार लगातार श्रद्धालुओं की सुविधा में जुटे रहे।

चुनार स्टेशन पर उमड़ी भीड़, रेलवे ने संभाली व्यवस्था

गुरु पूर्णिमा पर सक्तेशगढ़ से लौटने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए चुनार रेलवे स्टेशन पर विशेष प्रबंध किए गए। रेलवे प्रशासन, आरपीएफ और जीआरपी ने संयुक्त रूप से भीड़ नियंत्रण की जिम्मेदारी संभाली। प्रयागराज-डीयू मेमू एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ रही। यात्रियों को कतारबद्ध तरीके से ट्रेनों में चढ़ाया गया तथा बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को प्राथमिकता दी गई। स्टेशन अधीक्षक मेजर सिन्हा, आरपीएफ प्रभारी राजीव राणा, यातायात निरीक्षक नरेंद्र कुमार सिंह और जीआरपी चौकी प्रभारी आर.एस. यादव अपनी टीम के साथ पूरे समय व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। रेलवे प्रशासन की व्यवस्थाओं की श्रद्धालुओं ने सराहना की।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा