विंध्य कॉरिडोर से निखरा विंध्यधाम, आस्था और अर्थव्यवस्था को मिली नई उड़ान : उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल
- विंध्य दरबार पहुंचे मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री, विंध्य कॉरिडोर की सराहना की
- मां विंध्यवासिनी का किया चरण पूजन, नवाया शीश-मांगा आशीष
मीरजापुर, 13 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने शनिवार देर शाम विंध्याचल पहुंचकर मां विंध्यवासिनी के दरबार में मत्था टेका। उन्होंने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की। दर्शन-पूजन के बाद उन्होंने विंध्य कॉरिडोर का अवलोकन किया और यहां हुए विकास कार्यों की सराहना की।
उपमुख्यमंत्री पुरानी वीआईपी गेट संख्या-1 से मंदिर परिसर पहुंचे और तीर्थ पुरोहितों के मार्गदर्शन में मां विंध्यवासिनी का चरण पूजन किया। इसके बाद उन्होंने पक्का घाट पहुंचकर मां गंगा का दर्शन भी किया। दर्शन-पूजन की प्रक्रिया तीर्थ पुरोहित धीरज मिश्रा ने संपन्न कराई।
पत्रकारों से बातचीत में राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि पुरुषोत्तम मास में मां गंगा और मां विंध्यवासिनी के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि विंध्यधाम में हुए विकास कार्यों के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को बधाई दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब किसी धार्मिक स्थल का विकास होता है तो उसका सकारात्मक प्रभाव पूरे क्षेत्र के विकास पर पड़ता है।
गो-संरक्षण और संवर्धन के लिए लगातार कार्य कर रही मध्य प्रदेश सरकार
गौ संरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार गोवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में गौशालाओं के लिए प्रति गाय मिलने वाली सहायता राशि बढ़ाई गई है। उन्होंने बताया कि रीवा में 10 हजार गोवंश की क्षमता वाला गौ वन विहार विकसित किया गया है। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील करते हुए कहा कि इससे कृषि लागत कम होगी और गोवंश संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। उपमुख्यमंत्री के आगमन को लेकर मंदिर परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

