फैक्ट्री में मशीन की चपेट में आकर युवक की मौत, परिजनों ने किया हंगामा
फिरोजाबाद, 05 जुलाई (हि.स.)। थाना टूंडला क्षेत्र अन्तर्गत रविवार को एक फैक्ट्री में काम करते समय एक युवक की मशीन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों ने शव रखकर जमकर हंगामा किया। सूचना मिलते ही कई थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और परिजनों को समझाया।
थाना उत्तर क्षेत्र के मथुरा नगर निवासी रिंकू (24) पुत्र विद्याराम शंखवार थाना टूंडला क्षेत्र अन्तर्गत स्थित एक फैक्ट्री में ठेकेदार के अधीन कार्य करता था। रोज की तरह वह रविवार को भी ड्यूटी पर पहुंचा था, लेकिन काम के दौरान अचानक मशीन की चपेट में आ गया। सहकर्मियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हंगामे की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर बैजनाथ सिंह समेत कई थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने फैक्ट्री के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी और किसी भी बाहरी व्यक्ति को परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया।
हादसे के बाद परिजनों ने उचित मुआवजे की मांग को लेकर शव को फैक्ट्री परिसर के बाहर रख दिया। परिजनों का कहना था कि जब तक उचित मुआवजा और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन नहीं मिलेगा, तब तक शव नहीं उठाया जाएगा।
फैक्ट्री प्रबंधन और परिजनों के बीच देर शाम तक बातचीत चलती रही, लेकिन समाचार लिखे जाने तक कोई अंतिम सहमति नहीं बन सकी। थाना प्रभारी ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

