home page

सारनाथ में अवैध पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, दाे मंजिला मकान जमींदोज,पड़ोसी का घर भी क्षतिग्रस्त

 | 
सारनाथ में अवैध पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, दाे मंजिला मकान जमींदोज,पड़ोसी का घर भी क्षतिग्रस्त


मलबे में मकान मालिक और परिवार के सदस्यों के दबे होने की आशंका, दो लोगों को निकाला गया

वाराणसी, 15 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के सारनाथ थाना क्षेत्र के सारंगनाथ पैगंबरपुर में गुरुवार शाम एक मकान में संचालित कथित अवैध पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि दाे मंजिला मकान पूरी तरह जमींदोज हो गया, जबकि उससे सटा पड़ोसी का मकान भी क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विस्फोट के समय मकान में मौजूद भवन स्वामी और उसके परिवार के कई सदस्य मलबे में दब गए। धमाके की आवाज और लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी फायर ब्रिगेड की टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम को भी राहत एवं बचाव कार्य में लगाया गया।

——मलबे में दबे लोगों की तलाश जारी

रेस्क्यू टीमों ने मलबे में दबे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया। बचाव दल ने अब तक दो लोगों को मलबे से बाहर निकाल लिया है। वहीं, अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका के मद्देनजर राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।

जिस मकान में विस्फोट हुआ, वह राजू खान नामक व्यक्ति का बताया जा रहा है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में एनडीआरएफ तथा फायर ब्रिगेड की टीमें मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं। डीसीपी वरूणा जोन राजेश पांडेय के अनुसार, प्रथम दृष्टया अवैध पटाखा में विस्फोट से मकान जमींदाज हो गया है। राहत और बचाव कार्य के साथ मामले की जांच चल रही है। घटना शाम पॉच बजे की है। मकान में पटाखा और गन मिलने के साथ एक महिला के दबे होने की बात सामने आई है। उसे बचाने के लिए राहत बचाव दल जुट गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी