फतेहपुर में खंडहर की खुदाई में मिले चांदी के 92 प्राचीन सिक्के
गांव में फैली खुदाई में खजाना मिलने की अफवाह, लगी ग्रामीणों की भीड़
राजस्व टीम ने चांदी के सिक्कों के साथ बरामद 180 तांबे के सिक्के कब्जे में लिए
फतेहपुर, 07 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में मंगलवार को एक जर्जर खंडहर की खुदाई के दौरान प्राचीन सिक्के मिलने से क्षेत्र में खजाना मिलने की अफवाह उड़ गई। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस व राजस्व टीम ने मौके पर पहुंच कर सिक्कों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जहानाबाद कस्बे के मोहल्ला मियांटोला निवासी रिजवान राईन बिलास ऊपर मोहल्ले में मदन कोरी के मकान के पीछे दो दिनों से जेसीबी मशीन से खुदाई करा रहे थे। आज दोपहर खुदाई के दौरान उक्त स्थान पर चांदी और तांबे के सिक्के निकलने लगे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तत्काल खजाना होने की सूचना पर थाना जहानाबाद प्रभारी मनीष कुमार, नायब तहसीलदार सुरेश चंद्र व राजस्व विभाग की टीम लेखपाल ब्रजेंद्र प्रताप सिंह, सुमित गुप्ता व अभय पटेल मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने मौके से एक छोटे कलश में 92 चांदी व 180 तांबे के सिक्के बरामद कर कब्जे में ले लिए। नामित सभासद रामबली निषाद ने प्रशासन को इसकी सूचना दिए जाने से समय रहते सिक्कों को प्रशासन सुरक्षित कब्जे में ले सका।
नायब तहसीलदार सुरेश चंद्र ने बताया कि सिक्कों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा, जिससे उनकी प्राचीनता और ऐतिहासिक महत्व की जानकारी मिल सके। बिना अनुमति खुदाई कराने के मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

