शिकोहाबाद मुठभेड़ : इटावा के दो बदमाशों की पुलिस मुठभेड़ में मौत की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश
फिरोजाबाद, 20 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फिरोजाबाद के थाना शिकोहाबाद क्षेत्र अन्तर्गत पुलिस मुठभेड़ में इटावा के दो बदमाशों की मौत के मामले में सोमवार को घटना की निष्पक्ष जांच के लिए जिला मजिस्ट्रेट ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिये है। उन्होंने उप जिला मजिस्ट्रेट शिकोहाबाद को जांच अधिकारी नामित किया है।
इटावा पुलिस ने 17 जुलाई को थाना शिकोहाबाद अंतर्गत रेलवे स्टेशन व निकटवर्ती क्षेत्रों में वांछित अपराधियों की घेराबंदी की गई थी। इस दौरान पुलिस टीम और अभियुक्तों के मध्य हुई मुठभेड़ में दो अभियुक्त अंकित पुत्र किशन चन्द्र तथा सुमित यादव उर्फ सोनू पुत्र गुलाब सिंह घायल हो गए थे। दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया था। जहाँ डॉक्टरों द्वारा दोनों अभियुक्तों को मृत घोषित कर दिया गया। इस घटना के संबंध में थाना शिकोहाबाद पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
जिला मजिस्ट्रेट संतोष कुमार शर्मा ने सर्वोच्च न्यायालय द्वारा पीपुल्स यूनियन फॉर सिविल लिबर्टीज बनाम महाराष्ट्र राज्य (2014) मामले में दिए गए दिशा-निर्देशों तथा राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के नियमों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह मजिस्ट्रियल जांच आदेशित की है। जिला मजिस्ट्रेट संतोष कुमार शर्मा ने नामित जांच अधिकारी उप जिलाधिकारी शिकोहाबाद राजेश कुमार शुक्ला को निर्देश दिए हैं कि वे घटना से जुड़े सभी तकनीकी, चिकित्सीय एवं प्रत्यक्षदर्शी साक्ष्यों का गहनता से परीक्षण करें। नियमों के अंतर्गत पूरी जांच प्रक्रिया को दो सप्ताह (14 कार्यदिवस) के भीतर पूर्ण कर विस्तृत जांच आख्या उनके कार्यालय को उपलब्ध कराए। प्रशासन इस पूरी प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता और न्यायसंगत कार्यवाही के लिए प्रतिबद्ध है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

