जनहित संकल्प पार्टी के अध्यक्ष ने वाराणसी में चुनावी कार्यालय का किया उद्घाटन
वाराणसी, 30 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पूर्व ही जनहित संकल्प पार्टी ने वाराणसी में अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर दी है। जनहित संकल्प पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आर.एस. पटेल ने जंसा में चुनावी कार्यालय का उद्घाटन किया है। गुरुवार को कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर डॉ. आर.एस. पटेल ने कहा कि जंसा के दिनदासपुर गांव में कार्यकर्ताओं के लिए कार्यालय खोल दिया गया है। वाराणसी में रोहनिया और सेवापुरी, दो विधानसभाओं में पार्टी अपना प्रत्याशी उतार रही है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश में विभिन्न विधानसभा क्षेत्र में हम प्रत्याशी उतरेंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि इस पार्टी का लक्ष्य बेरोजगारों को रोजगार दिलाना है, किसानों को उनका अधिकार दिलाना है और समाज में बहन बेटी की सुरक्षा की मांग उठाना है। वाराणसी में किसानों की जमीन जहां भी छीनी जा रही है, हम उनके साथ खड़े हैं।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अशोक पटेल, किसान मंच के जिलाध्यक्ष राम विकास, महिला मंच से शशिकला, युवा मंच के जिलाध्यक्ष मुन्ना लाल पटेल, सरदार सेना के जिलाध्यक्ष देव पटेल, जिला संयोजक अमन वर्मा, विनोद पटेल और कार्यालय प्रभारी महेंद्र वर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

