home page

जहरीले जंतु के काटने से किशोरी समेत वृद्ध की मौत

 | 
जहरीले जंतु के काटने से किशोरी समेत वृद्ध की मौत


मीरजापुर, 27 जुलाई (हि.स.)। जिले के जिगना और हलिया थाना क्षेत्रों में सोमवार को जहरीले जंतु के काटने से किशोरी और एक वृद्ध की मौत हो गई।

जिगना थाना क्षेत्र के चड़ेरू चौकठा गांव निवासी दिनेश सरोज उर्फ फागू की 14 वर्षीय पुत्री प्रीति सरोज सुबह कमरे से उठकर जैसे ही फर्श पर पैर रखी, अचानक चीख पड़ी। परिजनों ने देखा कि वह तड़प रही थी और उसके मुंह से झाग निकल रहा था। पहले झाड़-फूंक कराई गई, बाद में निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रीति कक्षा नौ की छात्रा थी। परिवार ने बिना पुलिस को सूचना दिए उसका अंतिम संस्कार कर दिया। थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि घटना की कोई सूचना पुलिस को नहीं मिली। उधर, हलिया थाना क्षेत्र के सारीबारी मजरा निवासी 66 वर्षीय छोटक कोल की खेत पर काम करने के दौरान किसी जहरीले जंतु के काटने से हालत बिगड़ गई। परिजन उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया ले गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि परिजन की सूचना पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई है। दोनों घटनाओं से संबंधित गांवों में शोक का माहौल है।

-------------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा