राष्ट्रीय एकता दिवस परेड के लिए वाराणसी जोन के 137 अतिथि गुजरात रवाना
वाराणसी,29 अक्टूबर (हि.स.)। गृह मंत्रालय की 'नक्सल मुक्त भारत' थीम पर 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में होने वाली राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में शामिल होने के लिए वाराणसी जोन के 137 अतिथि वाराणसी जंक्शन (कैंट रेलवे स्टेशन ) के प्लेटफार्म-9 से रवाना हुए। वाराणसी परिक्षेत्र के अपर पुलिस निदेशक (एडीजी जोन) ने एकता नगर महामना एक्सप्रेस में सवार दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 31 अक्टूबर 2026 को गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) स्थित 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' के पास राष्ट्रीय एकता दिवस परेड का आयोजन किया जाएगा, जिसकी मुख्य थीम 'नक्सल मुक्त भारत' (या नक्सलवाद का अंत) रखी गई है। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहेंगे। इसमें पहले नक्सल प्रभावित रहे 126 जिलों के प्रतिनिधि भी शामिल हो रहे हैं। इस वर्ष की परेड में राज्य पुलिस बलों और केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की टुकड़ियाँ शामिल होंगी, जो देश में सशस्त्र नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में सबसे आगे रही हैं। 31 अक्टूबर 2026 को जब ये टुकड़ियाँ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के सामने से गुजरेंगी, तब कई एलईडी स्क्रीन पर एक लघु फिल्म दिखाई जाएगी, जिसमें उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों के मुख्य बिंदुओं का सार प्रस्तुत किया जाएगा। इन 126 जिलों से लगभग 5,000 लोगों को आमंत्रित किया गया है। ये सभी कार्यक्रमों के दर्शक बनेंगे और अपनी बातचीत के माध्यम से सशस्त्र नक्सलवाद के दौर के अपने अनुभव भी साझा करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

