home page

एकादशी पर दुर्गा खोह में सजा भक्ति का दरबार, जागरण में झूमे श्रद्धालु

 | 
एकादशी पर दुर्गा खोह में सजा भक्ति का दरबार, जागरण में झूमे श्रद्धालु


मीरजापुर, 30 मार्च (हि.स.)। एकादशी के पावन अवसर पर चुनार क्षेत्र के दुर्गा खोह स्थित मां दुर्गा मंदिर में रविवार की रात भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर में मां दुर्गा का भव्य श्रृंगार किया गया, जिसमें फूलों और आकर्षक सजावट से देवी का स्वरूप बेहद मनोहारी नजर आया। दर्शन-पूजन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु देर रात तक मंदिर परिसर में जुटे रहे।

श्रृंगार के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन में श्रद्धालुओं की सेवा और व्यवस्था के लिए स्थानीय समिति के लोग सक्रिय रूप से जुटे रहे।

इसके बाद आयोजित देवी जागरण में वाराणसी की प्रसिद्ध कलाकार पिंकी मिश्रा और उनकी टीम ने एक से बढ़कर एक देवी गीत प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। “जय अम्बे गौरी” और अन्य भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते नजर आए। कलाकारों की प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। आयोजकों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी एकादशी पर यह आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा