home page

बकरीद पर नमाज के लिए निकले लोग हुए सीवर के गंदे बहते पानी पर गुस्सा

 | 
बकरीद पर नमाज के लिए निकले लोग हुए सीवर के गंदे बहते पानी पर गुस्सा


वाराणसी, 28 मई (हि. स.)। वाराणसी के मुस्लिम बााहुल्य क्षेत्र रेवड़ी तालाब में गुरुवार को सुबह के वक्त बकरीद पर नमाज के लिए निकले लोगों का सामना सीवर के गंदे बहते पानी से हो गया। सीवर के पानी में तेज वाहनों के निकलने से लोगों के कपड़ों पर छींटे भी पड़े, जिससे लोगों का गुस्सा सामने आ गया। लोगों ने स्थानीय पार्षद और नगर निगम के अधिकारियों से इसकी शिकायत की।

सीवर के पानी से गुस्से में आए उर्दू शायर शराफत ने कहा कि क्या बदलेगी सूरत इस किताब की, जितने पन्ने पलटते हैं छींटे ही पड़ते हैं। रेवड़ी तालाब में सीवर के पानी की समस्या कोई नई बात नहीं है। आए दिन यहां यह समस्या रहती है, इसका कोई ठोस हल नहीं निकाला गया। वाराणसी नगर निगम के अधिकारी कर्मचारी भी जानते हैं और कुछ ठोस काम नहीं कर पातें। स्मार्ट सिटी का सारा काम रेवड़ी तालाब के ही इंटर कॉलेज परिसर में तय होता है लेकिन इसी क्षेत्र की समस्या का हल नहीं होता है।

स्थानीय निवासी जमील ने कहा कि बकरीद के दिन सीवर के बहते पानी से पता नहीं कितने ही लोगों का सामना होगा। बकरीद के दिन सड़क पर बहते हुए सीवर के पानी से आना जाना पड़ रहा है। बदबूदार पानी से बच के निकल पाना मुश्किल है। नमाज पढ़ने जाते समय साफ-सफाई चाहिए तो इधर सीवर का पानी लांघना पड़ रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद