home page

ईद पर मस्जिदों में नमाज पढ़ने आए लोगों में चिकन बिरयानी मामले में गिरफ्तारी पर बेहद नाराजगी

 | 
ईद पर मस्जिदों में नमाज पढ़ने आए लोगों में चिकन बिरयानी मामले में गिरफ्तारी पर बेहद नाराजगी


वाराणसी, 21 मार्च(हि. स.)। वाराणसी में मदनपुरा का इलाका इस समय 14 मुस्लिम युवकों की गिरफ्तारी के बाद से सुर्खियों में है। मदनपुरा में मुस्लिम समुदाय के युवकों ने गंगा नदी में नाव पर चिकन बिरयानी की इफ्तार पार्टी की और उसके बाद उन्हें गम्भीर धाराओं में गिरफ्तार किया गया। ईद के अवसर पर मदनपुरा की दो मस्जिदों में नमाज पढ़ने आए मुस्लिम समुदाय के लोगों में युवकों के गिरफ्तारी पर बेहद नाराजगी सामने आई।

मदनपुरा स्थित मस्जिद इस्ना अशरी में बड़ी संख्या में शिया मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ईद की नमाज अता किया। इसके बाद शिया मुस्लिम लोगों ने कहा कि गंगा में पर्यटक जब नाव पर घूमते हैं और तमाम कुछ अनैतिक कार्य करते हैं तो वहां कोई नहीं बोलता है। मेरे धर्म के बच्चों ने नादानी में नाव पर इफ्तार पार्टी की और उसका वीडियो बना डाला। यही इफ्तार पार्टी कही और होती तो किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं होती।

इसी तरह मदनपुरा क्षेत्र की दूसरी मस्जिद सागरा बाग में भी ईद की नमाज के बाद नौजवानों ने कहा कि वाराणसी में मदनपुरा के चौदह लड़कों को चिकन बिरयानी खाने पर गिरफ्तार किया गया है। यह तो मनोरंजन के लिए बनाया गया वीडियो था, इफ्तार पार्टी करने और वीडियो बनाने पर लड़कों को गिरफ्तार कर लिया गया। ये ठीक नहीं है। इसी तरह दालमंडी में भी प्रशासन की कार्रवाई पर बोलने वाले को उठाकर बंद कर दिया गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद