जौनपुर में अकीदत और उल्लास के साथ मनाई गई ईद-उल-फितर, शाही ईदगाह समेत सभी मस्जिदों में हुई नमाज
जौनपुर, (हि.स.)। उप्र के जौनपुर में शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में शनिवार को ईद-उल-फितर का पर्व पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों में नमाजियों की भीड़ रही।
मुख्य नमाज मछलीशहर स्थित शाही ईदगाह में मौलाना फैसल कमर की इमामत में सुबह 9:15 बजे अदा की गई। जहां हजारों अकीदतमंदों ने शिरकत की। इसके अलावा जिले के कस्बों और ग्रामीण इलाकों की मस्जिदों में भी निर्धारित समयानुसार सामूहिक नमाज अदा की गई। नमाज के दौरान अकीदतमंदों ने मुल्क में अमन, चैन और भाईचारा कायम रहने की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। सड़कों और मोहल्लों में त्योहार का उत्साह साफ दिखाई दिया। लोग एक-दूसरे के घर जाकर मिले, जहां सेवईं और अन्य पकवानों का दौर चलता रहा।
जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों जैसे शाही ईदगाह, अटाला मस्जिद, बड़ी मस्जिद, सदर इमामबाड़ा, शाही बड़ी मस्जिद, मदीना मस्जिद, आया मस्जिद, हुसैनिया नकी फाटक मस्जिद और हकीमी जामा मस्जिद (सिपाह) में भी बड़ी संख्या में नमाज अदा की गई। इस अवसर पर सपा सांसद बाबू सिंह कुशवाहा, पूर्व सांसद श्याम सिंह यादव सहित तमाम सपा नेताओं ने क्षेत्रवासियों को ईद-उल-फितर की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह त्योहार आपसी भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने सभी से मिलजुलकर पर्व मनाने की अपील की।
सिटी मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह ने बताया कि ईद के मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही और संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई। मौलाना फैसल कमर ने कहा कि देश की अमन चैन और सलामती के लिए दुआ की गई है। सभी लोग मिलजुलक रहें। जनपद की गंगा जमुनी तहजीब बनी रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

