उप्र के फर्रूखाबाद में मनाई गई ईद
फर्रुखाबाद, 21 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रूखाबाद जिले में शनिवार को ईद का पर्व अमन और शांति से मनाया गया। सभी ने एक दूसरे के गले मिल प्रेम का संदेश दिया। इस दौरान मुस्लिमों ने देश की एकता एवं अखंडता के लिए दुआ मांगी।
ईद के अवसर पर जनपद में कानून-व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने नगर क्षेत्र के विभिन्न नमाज स्थलों का संयुक्त रूप से भ्रमण कर जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति एवं यातायात प्रबंधन का निरीक्षण किया। संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए निर्देशित किया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नमाज के दौरान एवं उसके पश्चात यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित रहे। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न होने पाए। साथ ही साफ-सफाई एवं जनसुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे सतर्क रहकर निरंतर भ्रमणशील रहें एवं आमजन के साथ समन्वय बनाते हुए कार्य करें, जिससे पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हो सके। जनपदवासियों से अपील की गई कि वे आपसी भाईचारे एवं सौहार्द बनाए रखते हुए प्रशासन का सहयोग करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

