home page

सहायक आचार्य की परीक्षा में कुल 39,192 परीक्षार्थी रहे उपस्थित

 | 
सहायक आचार्य की परीक्षा में कुल 39,192 परीक्षार्थी रहे उपस्थित


सहायक आचार्य की परीक्षा में कुल 39,192 परीक्षार्थी रहे उपस्थित


प्रयागराज, 19 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की आयोजित सहायक आचार्य के 16 विषयों की लिखित पुनर्परीक्षा प्रदेश के छह जनपदों आगरा, मेरठ, लखनऊ, प्रयागराज, गोरखपुर एवं वाराणसी के 50 परीक्षा केन्द्रों पर सकुशल सम्पन्न हुई। 18 एवं 19 अप्रैल दोनों दिन में कुल 39,192 परीक्षार्थी उपस्थित रहे।

आयोग में स्थापित एआई इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम से आयोग के अध्यक्ष डॉ प्रशान्त कुमार, सदस्यगण जो प्रेक्षक ड्यूटी में नहीं गये थे, सचिव परीक्षा नियंत्रक एवं उपसचिव की उपस्थिति में सभी परीक्षा केन्द्रों की सघन निगरानी की गई। परीक्षा केन्द्रों पर लगे एआई कैमरों के माध्यम से परीक्षा दे रहे परीक्षार्थियों की गतिविधियों पर सतत् नजर रखी गई। प्रदेश के सभी परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा सुचारू रूप से निर्विघ्न सम्पन्न हुई।

आयोग के अध्यक्ष एवं वरिष्ठतम सदस्यों ने भी प्रयागराज के परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण करने के साथ ही साथ आयोग की ओर से अभिनव प्रयोग के क्रम में पारदर्शिता के दृष्टिगत पायलट प्रोजेक्ट के अंतर्गत प्रयागराज के निर्धारित 5 परीक्षा केन्द्रों पर प्रति पाली परीक्षा सम्पन्न होने के बाद परीक्षार्थियों द्वारा प्रयुक्त उत्तर पत्रक की उनके परीक्षा कक्षों में ही कक्ष अंतरीक्षक एवं अभ्यर्थियों की उपस्थिति में हो रही स्कैनिंग प्रक्रिया एवं इसके उपरांत स्कैन डाटा तत्काल सुरक्षित किये जाने की प्रक्रिया करायी गई। जिसमें से 3 परीक्षा केन्द्रों मेरी वानामेकर गर्ल्स इंटरमीडियेट कालेज, कर्नलगंज इंटर कालेज एवं प्रयाग महिला विद्यापीठ इंटर कालेज पर अध्यक्ष ने उपस्थित होकर इस प्रक्रिया की समीक्षा की।

उक्त परीक्षा में सम्बंधित जिला प्रशासन के अधिकारियों का सक्रिय सहयोग रहा। 18 अप्रैल को लिखित परीक्षा में कुल 19718 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। जिनमें महिला परीक्षार्थियों का प्रतिशत 41.35 तथा पुरूष का 58.64 प्रतिशत रहा। जबकि आज लिखित परीक्षा में कुल 19474 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। जिनमें महिला का प्रतिशत 30.93 तथा पुरूष का 69.07 रहा। इस प्रकार कुल मिलाकर 39,192 परीक्षार्थी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र