home page

दो लाख की कुश्ती में चकिया के शमशेर और कछवा के अनिल बराबर

 | 
दो लाख की कुश्ती में चकिया के शमशेर और कछवा के अनिल बराबर


- पुरुषोत्तमपुर में विराट दंगल, सौ से अधिक जोड़ियों ने आजमाए दांव; महिला पहलवानों ने भी दिखाया दम

मीरजापुर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। पुरुषोत्तमपुर-परषोधा बाजार में बुधवार को हुए विराट कुश्ती दंगल में अखाड़ा देर तक तालियों और जोशीली हुंकार से गूंजता रहा। चकिया के शमशेर और कछवा के अनिल के बीच दो लाख रुपये की कुश्ती रोमांचक मुकाबले के बाद बराबरी पर छूटी। दोनों पहलवानों ने एक-दूसरे को पटखनी देने के लिए खूब दांव-पेच आजमाए, लेकिन निर्णायक नतीजा नहीं निकल सका।

दंगल में छोटी-बड़ी सौ से अधिक जोड़ियों के बीच मुकाबले हुए। ज्यादातर कुश्तियां बराबरी पर छूटीं। महिला पहलवानों ने भी अखाड़े में उतरकर दमखम दिखाया। अंशु यादव ने पूनम हरियाणा, खुशी कानपुर ने रविता हरियाणा, जयदीप ने जाहिद, प्रमोद ने सुनील और रामबली ने सोनू को पटखनी देकर जीत दर्ज की।

बड़ी कुश्ती में शमशेर और अनिल के बीच 15 हजार रुपये का मुकाबला भी बराबरी पर रहा। दंगल में सरसा, गया सेठ अखाड़ा, कानपुर, हरियाणा, गाजियाबाद, पंजाब, कछवा, वाराणसी और रुदौली समेत विभिन्न स्थानों के पहलवानों ने हिस्सा लिया।

निर्णायक की भूमिका गुलाब यादव, कौशल कुमार सिंह और संतोष कुमार सिंह ने निभाई। चंद्रशेखर सिंह, डॉ. मन्नू यादव और उदय सिंह ने उद्घोषणा की। समिति अध्यक्ष नरेंद्र सिंह और संरक्षक मास्टर उदय सिंह ने पहलवानों व अतिथियों का आभार जताया। विभिन्न अखाड़ों के उस्तादों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा