home page

चुनार के डॉ. आशुतोष मिश्र बने कृषि विभाग के निदेशक, क्षेत्र में खुशी की लहर

 | 
चुनार के डॉ. आशुतोष मिश्र बने कृषि विभाग के निदेशक, क्षेत्र में खुशी की लहर


मीरजापुर, 03 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मीरजापुर जिले के चुनार क्षेत्र के मुंदीपुर गांव निवासी कृषि वैज्ञानिक डॉ. आशुतोष मिश्र की उत्तर प्रदेश कृषि विभाग में निदेशक पद पर पदोन्नति होने से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनकी इस उपलब्धि को मीरजापुर जनपद के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

स्वर्गीय निधि नारायण मिश्र के पुत्र डॉ. आशुतोष मिश्र ने इंटरमीडिएट तक की शिक्षा चुनार स्थित पीडीएनडी इंटर कॉलेज से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने यूपी कॉलेज से कृषि विज्ञान में स्नातक तथा काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू), वाराणसी से परास्नातक की उपाधि हासिल की। उन्होंने मृदा विज्ञान के विशेषज्ञ प्रो. आर.सी. तिवारी के निर्देशन में पीएचडी पूरी की।

कृषि विभाग में चयन के बाद डॉ. मिश्र ने वाराणसी में सहायक निदेशक कृषि के रूप में अपने प्रशासनिक करियर की शुरुआत की। बाद में वह अयोध्या और वाराणसी मंडल में संयुक्त निदेशक कृषि रहे। पदोन्नति से पहले वह अपर निदेशक कृषि के पद पर कार्यरत थे और अब उन्हें निदेशक पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

शिक्षा और मेहनत से हासिल की नई ऊंचाई

डॉ. आशुतोष मिश्र के परिवार में भी शिक्षा का माहौल है। उनके पुत्र अनुभव दिल्ली में चार्टर्ड अकाउंटेंसी (सीए) की पढ़ाई कर रहे हैं, जबकि पुत्री अवंतिका बरेली में चिकित्सा क्षेत्र की तैयारी कर रही हैं। उनकी सफलता पर विधायक अनुराग सिंह, पूर्व प्रधान चंद्रशेखर सिंह, राजेश मिश्र 'ज्योति', विपुल पांडेय, सुनील मिश्र, जगदीश मिश्रा, भाजपा जिला मंत्री आलोक कुमार सिंह, पुनीत मिश्रा, दिव्यांश सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा