डॉक्टर जीवन की उम्मीद जगाते हैं, सीए व्यवस्था को विश्वास देते हैं: डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव
बीआरडी मेडिकल कॉलेज के सहयोग से रक्तदान शिविर, 54 लोगों ने किया रक्तदान
गोरखपुर, 01 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में डॉक्टर्स डे एवं सीए डे के अवसर पर रोटरी क्लब गोरखपुर, रेडिसन ब्लू होटल एवं एस्ट्रोमेडिक्स हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में क्लब के सचिव शुभेन्दु श्रीवास्तव के नेतृत्व में समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर चिकित्सकों और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के योगदान को सम्मान, कृतज्ञता और आत्मीय भाव के साथ नमन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि डॉक्टर समाज को जीवन, विश्वास और उम्मीद देते हैं, वहीं चार्टर्ड अकाउंटेंट आर्थिक व्यवस्था को पारदर्शिता, अनुशासन और मजबूती प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि डॉक्टर पीड़ा को राहत में बदलते हैं और सीए व्यवस्था में विश्वास की नींव को सुदृढ़ करते हैं। समाज की प्रगति में स्वास्थ्य सेवा और आर्थिक अनुशासन दोनों की समान रूप से महत्वपूर्ण भूमिका है।
इस अवसर पर डॉ. अरुण चंद्र ने कहा कि चिकित्सा सेवा मानवता की सबसे बड़ी जिम्मेदारियों में से एक है। डॉक्टर का कार्य केवल बीमारी का इलाज करना नहीं, बल्कि रोगी को मानसिक संबल और परिवार को विश्वास देना भी है। डॉ. आरती चंद्र ने कहा कि डॉक्टर्स डे केवल सम्मान का दिन नहीं, बल्कि आत्ममंथन का अवसर भी है। मरीज के दर्द को समझना, उसके भय को कम करना और उसे बेहतर जीवन की ओर ले जाना ही चिकित्सा सेवा का वास्तविक उद्देश्य है।
पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन अनूप अग्रवाल ने कहा कि रोटरी का मूल मंत्र केवल एक विचार नहीं, बल्कि जीवन जीने की प्रेरणा है। डॉक्टर, चार्टर्ड अकाउंटेंट और रोटेरियन तीनों अपने-अपने क्षेत्र में समाज को बेहतर बनाने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि सेवा, नैतिकता और जिम्मेदारी जब एक साथ आगे बढ़ती हैं, तभी समाज सशक्त बनता है।
इस अवसर पर बीआरडी मेडिकल कॉलेज के सहयोग से रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें 54 लोगों ने रक्तदान कर मानवता की सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। रोटरी क्लब गोरखपुर के सचिव शुभेंदु श्रीवास्तव ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अरुण चंद्र और डॉ. आरती चंद्र के चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान की विशेष सराहना की। शुभेंदु श्रीवास्तव ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

