डीएम का औचक निरीक्षण : आंगनबाड़ी की बदहाली पर नाराजगी, पढ़ाई की गुणवत्ता पर संतोष
मीरजापुर, 18 अप्रैल (हि.स.)। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने शनिवार को मझवां विकास खंड के बजहा गांव स्थित प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्कूल परिसर में लगे टीकाकरण शिविर का जायजा लेते हुए उन्होंने सभी बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आंगनबाड़ी केंद्र की स्थिति पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। चार केंद्रों के सापेक्ष मात्र छह बच्चे उपस्थित मिले। केंद्र पर न तो पर्याप्त शिक्षण सामग्री थी और न ही बच्चों के लिए खिलौने। बच्चों के बैग में भी किताबों का अभाव दिखा। कई आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां अनुपस्थित पाई गईं। इस पर डीएम ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को फोन कर व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
वहीं विद्यालय में कक्षाओं का निरीक्षण करते हुए डीएम ने बच्चों से हिंदी, विज्ञान, अंग्रेजी व सामाजिक विज्ञान के प्रश्न पूछे, जिनका छात्रों ने संतोषजनक उत्तर दिया। शिक्षा की गुणवत्ता पर संतोष जताते हुए शिक्षक सिद्धार्थ सिंह की सराहना की गई। हालांकि विज्ञान लैब के उपकरणों का उपयोग न होने पर नाराजगी जताते हुए इसे शिक्षण में शामिल करने के निर्देश दिए गए।
छात्र उपस्थिति भी अपेक्षाकृत कम मिलने पर डीएम ने प्रधानाध्यापक को इसे बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके बाद डीएम ने सीखड़ विकास खंड कार्यालय का निरीक्षण कर अभिलेखों को व्यवस्थित रखने को कहा। बैठक में किसानों की फार्मर रजिस्ट्री शत-प्रतिशत कराने और गेहूं खरीद में बिचौलियों पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि किसानों को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

