home page

जिलाधिकारी ने फावड़ा उठा की साफ सफाई, चलाया स्वच्छता अभियान

 | 
जिलाधिकारी ने फावड़ा उठा की साफ सफाई, चलाया स्वच्छता अभियान


फिरोजाबाद, 13 जून (हि.स.)। कलेक्ट्रेट स्थित राइफल क्लब में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने अधिकारियों के साथ एक वृहद स्वच्छता अभियान चलाया।

देश के प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत के विजन को धरातल पर उतारने और पर्यावरण को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शनिवार को स्वयं हाथ में फावड़ा उठाकर सफाई की और अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच एक अनूठी मिसाल पेश की।

अभियान के दौरान जिलाधिकारी के साथ जनपद के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और कलेक्ट्रेट स्टाफ मौजूद रहा।

सभी ने मिलकर राइफल क्लब और उसके आसपास के परिसर की साफ-सफाई की तथा कूड़े कचरे का निस्तारण सुनिश्चित किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जोर देकर कहा कि उनका यह निरंतर प्रयास है, कि जनपद में स्वच्छता अभियान केवल एक सरकारी कार्यक्रम न रहकर एक आंदोलन का रूप ले, उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों व नागरिकों से अपील की है कि इस अभियान में अपना योगदान दें।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कल्पना जायसवाल और अपर जिलाधिकारी न्यायिक अरविंद द्विवेदी आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़