home page

समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

 | 
समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, समयबद्ध निस्तारण के निर्देश


- समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

औरैया, 24 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सदर थाना कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस में जिलाधिकारी बृजेश कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाए। शिकायतकर्ता की समस्या को समझते हुए उसका नियमानुसार समाधान किया जाए। जिन मामलों में स्थलीय जांच की आवश्यकता है, उनमें राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर मौके पर पहुंचें और जांच के बाद उचित कार्रवाई सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसलिए किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। निस्तारण में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखी जाए, ताकि फरियादियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मामले की जांच निष्पक्षता से की जाए और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई हो। उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने पर भी जोर दिया।

समाधान दिवस का उद्देश्य राजस्व और पुलिस विभाग से जुड़ी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर प्रभावी निस्तारण करना है। अधिकारियों ने शिकायतों की नियमित समीक्षा कर निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर बृहमानंद, संबंधित थानाध्यक्ष, लेखपाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार