फर्रुखाबाद: जिलाधिकारी ने कम राजस्व वसूली करने वाले विभागाध्यक्षों को लगाई फटकार
फर्रुखाबाद,30 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने राजस्व वसूली को शासन की प्राथमिकता बताते हुए कम वसूली करने वाले विभागाध्यक्षों को जमकर फटकार लगाई। जिलाधिकारी गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कर-करेत्तर एवं राजस्व वसूली की समीक्षा कर रही थी।
बैठक में विभिन्न विभागों की राजस्व वसूली की प्रगति की विभागवार समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप शत-प्रतिशत राजस्व वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि राजस्व वसूली शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सभी संबंधित अधिकारी नियमित रूप से प्रवर्तन की कार्रवाई करते हुए बकायेदारों से प्रभावी वसूली सुनिश्चित करें तथा वसूली कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने बड़े बकायेदारों की सूची तैयार कर उनके विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने तथा प्रतिदिन की वसूली की समीक्षा करने के निर्देश दिए।
बैठक में वाणिज्य कर, स्टाम्प एवं पंजीयन, आबकारी, परिवहन, विद्युत, खनन, मंडी समिति तथा अन्य राजस्व अर्जित करने वाले विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिन विभागों की वसूली अपेक्षाकृत कम पाई गई, उन्हें विशेष अभियान चलाकर लक्ष्य के अनुरूप प्रगति लाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए शासन द्वारा निर्धारित राजस्व लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देशित किया कि जनपद में अवैध खनन की शिकायतों पर नियंत्रण हेतु संबंधित विभाग प्रवर्तन के तहत अधिक से अधिक कार्यवाही करें। प्रत्येक विभाग अपने लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करें तथा वसूली कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराएं।
आईजीआरएस के प्रकरणों में विभागीय अधिकारी प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पूर्ण कराएं, साथ ही निस्तारण उपरांत शिकायतकर्ता से निस्तारण आख्या पर संतोषजनक फीडबैक भी प्राप्त करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार सहित समस्त उपजिलाधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं राजस्व वसूली से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

