home page

जन चौपाल लगाकर लाभार्थियों को किया लाभान्वित, चेहरे पर आई खुशी

 | 
जन चौपाल लगाकर लाभार्थियों को किया लाभान्वित, चेहरे पर आई खुशी


फिरोजाबाद, 19 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तीसरे दिन जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शनिवार को मदनपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत उमरी में पहुंचकर जन चौपाल में समस्त जनपद एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के साथ प्रतिभाग किया। इस मौके पर लाभार्थियों को भी लाभान्वित किया गया, जिससे उनके चेहरे पर खुशियां आ गई।

इस मौके पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने आयुष्मान कार्ड के 6 लाभार्थियों में शंकर लाल, सतीश कुमार, शिवानी सुमन, सोनेलाल, लक्ष्मी देवी आदि को आयुष्मान कार्ड प्रदान किया। जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री आवास योजना के पांच लाभार्थी गीता रानी, ममता देवी, शीला देवी, संध्या देवी, सुषमा देवी काे को प्रमाण पत्र सौंपे। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के साथ बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया गया, साथ ही साथ विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी स्टॉल भी लगाई गए।

इस मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि ग्राम चौपाल में प्राप्त होने वाली शिकायतों का सभी अधिकारी प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने बताया कि इस ग्राम पंचायत में प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 1918 लोगों को लाभान्वित किया जा चुका है, वर्तमान में 141 पात्र लाभार्थियों की नई सूची तैयार की गई है।

ग्रामीणों द्वारा इस दौरान कब्रिस्तान की भूमि पर अवैध कब्जा, खाद के गड्ढों पर अवैध कब्जा, नाली, खड़जा इत्यादि की शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम चौपाल में प्राप्त होने वाली शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करे।

जिलाधिकारी ने सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों को कड़े शब्दों में निर्देशित किया कि ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए, इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र त्रिपाठी आदि उपस्थित रहे।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़