डीएम ने जिला कोषागार का किया वार्षिक निरीक्षण
औरैया, 30 सितंबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने बुधवार को जिला कोषागार कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कोषागार में स्थापित डबल लॉकर एवं सिंगल लॉकर की निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
डीएम ने लॉकरों की सुरक्षा, रख-रखाव तथा उनमें सुरक्षित रखे जाने वाले महत्वपूर्ण अभिलेखों व सामग्रियों के संबंध में संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से जानकारी ली। उन्होंने महत्वपूर्ण अभिलेखों एवं दस्तावेजों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कोषागार से संबंधित अभिलेख अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं, इसलिए इनके सुरक्षित, व्यवस्थित और नियमानुसार रख-रखाव में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने डबल लॉकर एवं सिंगल लॉकर से संबंधित अभिलेखों व पंजिकाओं को अद्यतन रखने तथा लॉकरों के संचालन में निर्धारित प्रक्रिया का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कोषागार परिसर की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी बनाए रखने और आवश्यक व्यवस्थाओं का नियमित परीक्षण करने को भी कहा। डीएम ने कहा कि कोषागार की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, अभिलेखों की सुरक्षा और नियमों का अनुपालन सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ कोषाधिकारी हरीश कुमार सोलंकी, उप जिलाधिकारी सदर ब्रह्मानंद, उप जिला मजिस्ट्रेट अर्सला नाज सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

