home page

शिकायत का कागजाें में निस्तारण और मौके पर अवैध कब्जा देख डीएम सख्त, राजस्व निरीक्षक व लेखपाल को प्रतिकूल प्रविष्टि

 | 
शिकायत का कागजाें में निस्तारण और मौके पर अवैध कब्जा देख डीएम सख्त, राजस्व निरीक्षक व लेखपाल को प्रतिकूल प्रविष्टि


फिरोजाबाद, 30 मई (हि.स.)। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शनिवार को तहसील सिरसागंज का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने शिकायतकर्ताओं से उनकी शिकायतों के निस्तारण का फीडबैक लिया। जिसमें मौके पर कब्जा होने व शिकायत का कागजी निस्तारण होने पर होने राजस्व निरीक्षक व लेखपाल को प्रतिकूल प्रविष्टि दी है।

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शनिवार तहसील सिरसागंज में रिकॉर्ड रूम, संग्रह, अभिलेखागार और कानूनगो रजिस्टर की गहन जांच की। इस दौरान जिलाधिकारी ने तहसील परिसर की दीवारों पर जगह-जगह पान-तंबाकू खाकर थूके जाने पर अत्यंत नाराजगी की व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि परिसर में इस तरह की हरकत करने वालों को चिन्हित कर उन पर भारी जुर्माना लगाया जाए और परिसर को पूरी तरह साफ-सुथरा रखा जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शिकायत रजिस्टर का अवलोकन किया, जिन शिकायतों का निस्तारण पूर्ण दिखाया गया था, उनकी जमीनी हकीकत जानने के लिए जिलाधिकारी ने खुद शिकायतकर्ताओं से सीधी फोन पर वार्ता की। सर्वप्रथम उन्होंने सुनीता देवी से वार्ता की और यह जानना चाहा की खतौनी में नाम दर्ज करने की जो शिकायत की थी, वह कार्य हुआ है या नहीं, जिस पर सुनीता देवी ने बताया कि उनका काम पूरी तरीके से हो चुका है, इसी तरह विनय कुमार और रचना देवी ने राशन कार्ड बनने को लेकर शिकायत की थी इन दोनों लोगों ने जिलाधिकारी को भी अवगत कराया कि राशन कार्ड बन चुके हैं। परंतु दूरभाष पर वार्ता के दौरान जब जिलाधिकारी ने गोपाल नामक शिकायतकर्ता से अवैध कब्जे के संबंध में पूछा तो उन्होंने बताया कि मौके से अभी तक अवैध कब्जा नहीं हटा है, कागजी निस्तारण के विपरीत जमीनी हकीकत कुछ और पाए जाने पर जिलाधिकारी अत्यंत नाराज हो गए, उन्होंने इस घोर लापरवाही के लिए संबंधित राजस्व निरीक्षक और लेखपाल को तत्काल प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी सिरसागंज को निर्देशित किया की तहसील में आने वाले सभी मामलों और किए गए निस्तारण का अनिवार्य रूप से क्रॉस चेकिंग की जाए, ताकि कार्याें की गुणवत्ता निखर कर सामने आए।

जिलाधिकारी ने अंत में कहा कि वर्तमान सरकार जनसुनवाई के प्रति अत्यंत संवेदनशील है, इसमें किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, तहसील में आने वाले हर फरियादी की शिकायत को क्रॉस चेकिंग अवश्य की जाए, साथ ही परिसर में साफ-सुथरा माहौल रखा जाए, तभी एक स्वच्छ कार्य प्रणाली विकसित हो सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़