home page

खेल सुविधाओं के माध्यम से लोगों को गौशाला से जोड़ने का हो रहा प्रयास : जिलाधिकारी

 | 
खेल सुविधाओं के माध्यम से लोगों को गौशाला से जोड़ने का हो रहा प्रयास : जिलाधिकारी


फिरोजाबाद, 29 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में जिलाधिकारी रमेश रंजन ने मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य के साथ बुधवार को सांथी स्थित गौशाला का औचक निरीक्षण किया। 400 गोवंश की क्षमता वाली इस गौशाला की आधुनिक व्यवस्थाओं और नवाचार को देखकर जिलाधिकारी अत्यंत प्रसन्न नजर आए।

जिलाधिकारी रमेश रंजन की अभिनव पहल थी, कि गौशालाओं में केवल गोवंशों का संरक्षण न किया जाए, बल्कि वहां पर मानवीय गतिविधियों को बढ़ाने हेतु खेल का मैदान और ओपन जिम इत्यादि का निर्माण किया जाए, इस रूप में सांथी गौशाला एक आदर्श के रूप में विकसित हुई है, इस गौशाला को सुव्यवस्थित चार शैडों में निर्मित किया गया है, जिससे गोवंशों को सुरक्षित वातावरण प्राप्त हो सके।

बढ़ती गर्मी को देखते हुए पशुओं के लिए चारे की पर्याप्त व्यवस्था और स्वच्छ जल की उत्तम व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, गौशाला परिसर में गौवंश के संरक्षण के साथ-साथ मानवीय क्रियाकलापों हेतु बैडमिंटन कोर्ट और ओपन जिम का निर्माण किया गया है, जो प्रदेश में अपनी तरह की अनूठी पहल है।

जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान कहा की शासन का उद्देश्य केवल गोवंश का संरक्षण करना ही नहीं है बल्कि समाज का उनके साथ एक आत्मीय सम्बंध स्थापित करना है, उन्होंने जोर दिया कि मानव का गोवंश के साथ जुड़ाव एक अटूट संबंध स्थापित करेगा, जिससे समाज में गाय की महत्ता के प्रति संवेदनशीलता बढ़ेगी।

यह गौशाला केवल गौवंश संरक्षण का केंद्र ही नहीं है, अपितु यह सामाजिक गतिविधियों के केंद्र के रूप में विकसित हो रही है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि इस गौशाला के मॉडल को अन्य क्षेत्रों में भी प्रोत्साहित किया जाए, योग स्थल और खेल सुविधाओं के माध्यम से स्थानीय लोगों को गौशाला से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि जन सहभागिता के माध्यम से गौ सेवा को एक जन आंदोलन का रूप दिया जा सके। इस अवसर पर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी आदि उपस्थित रहें।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़