जिलाधिकारी ने किया 14 करोड़ 46 लाख से बन रहे राजकीय बालगृह का निरीक्षण
फिरोजाबाद, 29 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जनपद में जिलाधिकारी रमेश रंजन ने मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य के साथ बुधवार को विकासखंड हाथवंत के ग्राम सांथी में निर्माणाधीन (100 क्षमता वाले राजकीय बालगृह) का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया तथा कार्यदायीं संस्था को इसे समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने हेतु कड़े निर्देश दिए। परियोजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बालगृह का निर्माण आगामी दिसंबर माह से पूर्व हर हाल में हो जाना चाहिए, इसके लिए उन्होंने कार्यदाई संस्था यूपीपीसीएल को एक विस्तृत कार्य योजना तैयार करने और साइट पर मजदूरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि कार्य की गति में तेजी आ सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि यह महत्वपूर्ण परियोजना कुल 14 करोड़ 46 लाख रुपये की लागत से तैयार की जा रही है। फरवरी माह में इसका शिलान्यास कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्या और सदर विधायक मनीष असीजा ने किया था। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी का एक संवेदनशील और मानवीय पहलू भी सामने आया। उन्होंने बढ़ती गर्मी के दृष्टिगत इस साइट पर कार्यरत मजदूरों के हितों का ध्यान रखते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रमिकों के लिए शीतल पेयजल एवं अन्य सुविधाओं की तत्काल व्यवस्था करें। निरीक्षण के दौरान जिला प्रोवेशन अधिकारी भी उपस्थित रहे।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

