home page

जिलाधिकारी ने विद्युत उपकेंद्र का किया औचक निरीक्षण

 | 
जिलाधिकारी ने विद्युत उपकेंद्र का किया औचक निरीक्षण


फिरोजाबाद, 27 अप्रैल (हि.स.)। जिलाधिकारी रमेश रंजन ने मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य के साथ सोमवार को विद्युत उपकेंद्र शिकोहाबाद का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी केंद्र पर व्याप्त व्यवस्थाओं को देखकर अत्यधिक क्षुब्ध नजर आए और गहरी नाराजगी भी व्यक्त की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी रमेश रंजन ने पाया कि जन समस्याओं के समाधान के लिए आयोजित कैंप में आने वाले फरियादियों के बैठने की कोई उचित व्यवस्था नहीं थी। उन्होंने निर्देशित किया कि कैंप को व्यवस्थित किया जाए। प्रत्येक चार से पांच फरियादियों पर एक अधिकारी की तैनाती सुनिश्चित को जाए, ताकि उनकी समस्याओं को धैर्य पूर्वक सुना जा सके, और मौके पर ही समाधान निकाला जा सके।

जिलाधिकारी को अवगत कराया गया कि प्रतिदिन चालीस से पचास शिकायतें स्मार्ट मीटर और बिजली की अन्य समस्याओं से संबंधित आ रही हैं।

इस बात पर जिलाधिकारी ने शख्त रुख अपनाते हुए अधिशासी अभियंता विद्युत और संबंधित अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने का अल्टीमेटम दिया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि समस्याओं के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वहां मौजूद जनता की समस्याओं को व्यक्तिगत रूप से सुना और उन्हें आश्वस्त करते हुए कहा कि आपकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है, आप किसी प्रकार से व्यग्र न हो।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़