बैंकों की ढिलाई पर डीएम की नाराजगी, लंबित आवेदनों के निस्तारण का अल्टीमेटम
मीरजापुर, 23 फ़रवरी (हि.स.)। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में आकांक्षात्मक विकास खंडों, सम्पूर्णता अभियान तथा बैंकों से जुड़ी जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर कड़ा रुख अपनाया।
मुख्यमंत्री युवा योजना के अंतर्गत लक्ष्य के सापेक्ष बैंकों में लंबित पड़े आवेदनों पर असंतोष जताते हुए उन्होंने शत-प्रतिशत निस्तारण के निर्देश दिए और साफ कहा कि अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने उपायुक्त उद्योग को बैंक प्रबंधकों के साथ समन्वय बैठक कर कमियों वाले प्रार्थना पत्रों का तत्काल समाधान कराने को कहा। साथ ही चेतावनी दी कि लापरवाही करने वाले बैंक अधिकारियों के खिलाफ शासन को संस्तुति भेजी जाएगी। उद्योग विभाग की योजनाओं की नियमित और दैनिक समीक्षा सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
उपायुक्त एनआरएलएम द्वारा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के बचत खाते और सीसीएल फाइलों के लंबित होने की जानकारी दिए जाने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने बैंक प्रबंधकों को निर्देशित किया कि नियमानुसार प्राप्त सभी आवेदनों पर बिना विलंब खाता खोलने की कार्रवाई की जाए।
आकांक्षात्मक विकास खंडों की समीक्षा में कई सूचकांकों की कमजोर प्रगति सामने आने पर संबंधित अधिकारियों को व्यक्तिगत स्तर पर रुचि लेकर सुधार लाने को कहा गया। जिला विद्यालय निरीक्षक को नए शैक्षणिक सत्र में बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने हेतु नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए।
सम्पूर्णता अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति की समीक्षा करते हुए जर्जर व अनुपयुक्त केंद्रों की सूची उपलब्ध कराने और पोषण ट्रैकर पोर्टल पर शत-प्रतिशत फीडिंग सुनिश्चित करने को कहा गया। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को पशुओं के पूर्ण टीकाकरण का लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए गए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

