home page

दिव्यांगजनों को मिले निःशुल्क सहायक उपकरण, खिले चेहरे

 | 
दिव्यांगजनों को मिले निःशुल्क सहायक उपकरण, खिले चेहरे


फिरोजाबाद, 28 नवंबर (हि.स.)। सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के तत्वावधान में तथा एलिम्को कानपुर एवं जिला प्रशासन, फिरोजाबाद के सहयोग से शनिवार को तिलक इण्टर कॉलेज, आर्य नगर, फिरोजाबाद में सामाजिक अधिकारिता शिविर के माध्यम से दिव्यांगजनों हेतु भारत सरकार की एडिप योजना के अन्तर्गत निःशुल्क सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक सदर मनीष असीजा उपस्थित रहे। शिविर के दौरान दिव्यांगजनों को सशक्त, आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से आवश्यक सहायक उपकरणों का निःशुल्क वितरण किया गया, जिससे लाभार्थियों के दैनिक जीवन को सुगम बनाने में सहायता मिलेगी, आयोजन में एलिम्को 'आसरा' - फिरोजाबाद तथा जिला प्रशासन के सहयोग से शिविर की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।

इस अवसर विधायक मनीष असीजा ने कहा कि दिव्यांगजनों का सम्मान और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। एडिप योजना के अंतर्गत मिलने वाले ये सहायक उपकरण केवल साधन नहीं, बल्कि दिव्यांग भाइयों-बहनों के आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की नई ऊर्जा का माध्यम हैं। शासन और प्रशासन मिलकर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि कोई भी पात्र लाभार्थी इन योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

इस अवसर पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि जिला प्रशासन दिव्यांगजनों के सर्वांगीण विकास और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। एलिम्को और संबंधित विभागों के समन्वय से आयोजित इस शिविर का उद्देश्य लाभार्थियों को उनके द्वार पर ही गुणवत्तापूर्ण सहायक उपकरण उपलब्ध कराना है, ताकि वे गरिमापूर्ण और सुगम जीवन जी सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़