home page

मीरजापुर में आंधी-तूफान का कहर, चार लोगों की मौत से मचा हड़कम्प

 | 
मीरजापुर में आंधी-तूफान का कहर, चार लोगों की मौत से मचा हड़कम्प


मीरजापुर, 13 मई (हि.स.)। बुधवार शाम आए तेज चक्रवाती आंधी-तूफान और बारिश ने जिले में भारी तबाही मचाई। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए हादसों में तीन महिलाओं समेत एक वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गई। कहीं टीन उड़कर गर्दन पर गिरा तो कहीं पेड़, दीवार और सीमेंट का शेड जानलेवा साबित हुआ। हादसों के बाद गांवों में मातम पसरा हुआ है। आंधी-तूफान से जिले के कई इलाकों में पेड़ गिरने, बिजली बाधित होने और मकानों को नुकसान पहुंचने की भी खबर है।

--टीन उड़कर गर्दन पर गिरा, महिला की मौत

संतनगर थाना क्षेत्र के कोलकम गांव में नीलम देवी (35) घर के सामने बैठी थीं। इसी दौरान तेज चक्रवाती आंधी में मकान का टीन उखड़कर सीधे उनकी गर्दन और सिर पर जा गिरा। हादसे में उनकी गर्दन कट गई और सिर में गंभीर चोटें आईं। परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। चिकित्सक डा. कैलाश विंद ने मामले की सूचना पुलिस को दी।

--सीमेंट का शेड गिरने से महिला की जान गई

कछवा थाना क्षेत्र के बिदापुर गांव में वेला देवी (48) पत्नी हंसुलाल घर के बाहर कपड़ा उतार रही थीं। तेज आंधी के दौरान मकान के सामने लगा सीमेंट का शेड भरभराकर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछवा ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

--महुआ का पेड़ गिरने से महिला दबकर मौत

पड़री थाना क्षेत्र के मोहनपुर भवरख गांव में भी आंधी-बारिश के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गांव निवासी सरोजा देवी (48) पत्नी बाबूलाल बिंद घर से करीब 200 मीटर दूर पाही में बंधे पशुओं को चारा डालने गई थीं। इसी दौरान तेज हवा और बारिश शुरू हो गई। अचानक पास खड़ा महुआ का पेड़ टूटकर उनके ऊपर गिर पड़ा, जिससे वह दब गईं। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा पेड़ हटाकर महिला को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस और लेखपाल ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

--दीवार गिरने से वृद्ध की मौत

चील्ह थाना क्षेत्र के गडगेड़ी गांव में आंधी-तूफान के दौरान बाउंड्री वाल गिरने से रामसागर जायसवाल (85) की मौत हो गई। बताया गया कि बुधवार शाम वह अपने घर के पास से गुजर रहे थे, तभी अचानक तेज हवा में बाउंड्री वाल भरभराकर गिर गई और वह मलबे में दब गए। ग्रामीणों ने उन्हें मलबे से निकालकर निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। थाना प्रभारी रविंद्र भूषण मौर्य ने बताया कि दीवार गिरने से वृद्ध की मौत हुई है। शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा