मीरजापुर : योग तरंग महोत्सव में योगी ज्वाला को मिला विशिष्ट योग शिक्षक सम्मान
- मीरजापुर के योग गुरु लखनऊ में सम्मानित
मीरजापुर, 05 नवंबर (हि.स.)। लखनऊ के गोमती नगर स्थित अंतरराष्ट्रीय बौद्ध शोध संस्थान में बुधवार को योगकुलम के दसवें स्थापना दिवस पर योग तरंग महोत्सव का आयोजन किया गया। इसमें पतंजलि युवा भारत उत्तर प्रदेश पूर्व के राज्य प्रभारी एवं राष्ट्रीय योगासन जज योग गुरु योगी ज्वाला सिंह को विशिष्ट योग शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पूज्य दिलीप शुक्ला, योगकुलम के संस्थापक मनीष प्रताप सिंह, यूनिवर्सल बुक सेलर्स के चंद्रप्रकाश श्रीवास्तव और उत्तम पौरवाल ने वैदिक मंत्रोच्चार व दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। महोत्सव में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, पंजाब, राजस्थान, महाराष्ट्र और ओडिशा सहित विभिन्न राज्यों से आए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के योग शिक्षकों और निर्णायकों को अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
योगी ज्वाला सिंह को सम्मान मिलने पर जनपद के विभिन्न वर्गों के लोगों ने बधाई दी। योगकुलम के संस्थापक मनीष प्रताप सिंह ने कहा कि युवाओं का अपनी संस्कृति, योग, आयुर्वेद और प्रकृति से दूर होना शारीरिक, मानसिक व आध्यात्मिक स्वास्थ्य के असंतुलन का प्रमुख कारण है। योग साधक अपने अनुभव और अभ्यास से लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं।
संस्था की रिसर्च डेवलपमेंट ऑफिसर सेजल कक्कर ने कहा कि योग और आयुर्वेद के माध्यम से समाज को स्वस्थ दिशा देने वाले साधकों का सम्मान जारी रहेगा। इस दौरान अमृता गुप्ता, विकास सिंह राजपूत, डॉली, ऋतिक गुप्ता, दीपक मौर्य, राहुल सिंह, विदुषी और मनीषा सिंह सहित कई लोगों को सम्मानित किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

