home page

उपभोक्ता से विवाद करने के मामले जमालपुर के जेई निलंबित

 | 
उपभोक्ता से विवाद करने के मामले जमालपुर के जेई निलंबित


मीरजापुर, 06 जून (हि.स.)। बिजली उपभोक्ता से कथित अभद्र व्यवहार और शिकायतों के समाधान में लापरवाही के आरोपों के चलते जमालपुर विद्युत उपकेंद्र पर तैनात अवर अभियंता (जेई) गजानन चौधरी को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई जिले के प्रभारी मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी' के संज्ञान लेने के बाद अधीक्षण अभियंता अंकुर अवस्थी द्वारा की गई।

मामला 3 जून की रात का बताया जा रहा है। जहां भडेवल गांव में एलटी लाइन का तार टूट जाने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया था। ग्रामीण धीरज सिंह ने तत्काल उपकेंद्र पर सूचना देकर सुरक्षा के दृष्टिकोण से शटडाउन की मांग की। आरोप है कि सूचना देने के बावजूद समस्या का समाधान समय पर नहीं हो सका, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई।

बाद में धीरज सिंह ने अवर अभियंता गजानन चौधरी से फोन पर संपर्क किया। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक हो गई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि बातचीत में अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया गया। मामले को लेकर एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी विभाग को उपलब्ध कराई गई, जिसकी जांच कराई जा रही है।

घटना के बाद क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन की स्थिति बन गई और ग्रामीणों ने उपकेंद्र पर नाराजगी जताई। विवाद बढ़ने से विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे। मामला स्थानीय स्तर से होते हुए प्रभारी मंत्री तक पहुंचा।

अष्टभुजा गेस्ट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी' ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद अधीक्षण अभियंता ने जेई गजानन चौधरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उन्हें विद्युत वितरण खंड कछवां से संबद्ध किया गया है।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा