home page

पर्यटन परियोजनाओं का महानिदेशक ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता व समयबद्धता पर दिया जोर

 | 
पर्यटन परियोजनाओं का महानिदेशक ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता व समयबद्धता पर दिया जोर


मीरजापुर, 16 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश शासन की प्राथमिकता वाली पर्यटन विकास परियोजनाओं की प्रगति एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पर्यटन महानिदेशक डॉ. वेदपति मिश्र ने शनिवार को जनपद में विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति एवं पर्यटक सुविधाओं का जायजा लिया।

महानिदेशक ने मां विंध्यवासिनी राज्य विश्वविद्यालय परिसर, तहसील मड़िहान क्षेत्र में अनुसूचित जनजाति के छात्रों के लिए बनाए जा रहे 100 बेड वाले छात्रावास तथा विकासखंड पहाड़ी के ग्राम पंचायत दांती में निर्माणाधीन मिनी स्टेडियम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं एवं संबंधित अधिकारियों से परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान डॉ. वेदपति मिश्र ने निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूरे कराए जाएं। उन्होंने कहा कि पर्यटन परियोजनाएं प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और धार्मिक पर्यटन को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग, गुणवत्ता नियंत्रण एवं स्थलों पर सतत पर्यवेक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पर्यटकों की सुविधा, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने पर बल दिया।

महानिदेशक ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से धार्मिक, सांस्कृतिक और विरासत स्थलों पर आधुनिक सुविधाओं का तेजी से विकास कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारी, कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा