home page

शिक्षित भारत निर्माण में शिक्षकों की भूमिका अतिमहत्वपूर्ण: केशव प्रसाद मौर्य

 | 
शिक्षित भारत निर्माण में शिक्षकों की भूमिका अतिमहत्वपूर्ण: केशव प्रसाद मौर्य


शिक्षित भारत निर्माण में शिक्षकों की भूमिका अतिमहत्वपूर्ण: केशव प्रसाद मौर्य


शिक्षित भारत निर्माण में शिक्षकों की भूमिका अतिमहत्वपूर्ण: केशव प्रसाद मौर्य


प्रयागराज, 06 जून (हि.स.)। शिक्षित भारत के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। सरकार शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और रसोइयों की जायज मांगों को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उक्त बात शनिवार को जिला पंचायत सभागार में संयुक्त समायोजित शिक्षक संघ द्वारा आयोजित शैक्षिक उन्नयन संगोष्ठी एवं प्रांतीय अधिवेशन में शिक्षकों को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कही।

उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा इन सभी वर्गों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

डिप्टी सीएम ने कहा कि शिक्षकों का दायित्व केवल बच्चों को शिक्षा देना ही नहीं, बल्कि उन्हें बेहतर नागरिक बनाकर आगे बढ़ाने और विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाना है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले और वर्तमान समय के विद्यालयों की स्थिति में ऑपरेशन कायाकल्प योजना के माध्यम से व्यापक बदलाव देखने को मिला है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय स्वच्छता मिशन के तहत विद्यालयों में शौचालय निर्माण जैसी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं, जो एक बड़ी उपलब्धि है। डबल इंजन की सरकार हर क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य कर रही है और गरीबों को पक्का मकान, गैस कनेक्शन, आयुष्मान कार्ड, विद्युत कनेक्शन सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पहले की अपेक्षा अधिक सुदृढ़ हुई है तथा शिक्षा, रोजगार और अन्य क्षेत्रों में बिना किसी भेदभाव के पारदर्शी व्यवस्था के साथ कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के मंत्र के साथ सभी वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम को सांसद प्रवीण पटेल और जिला पंचायत अध्यक्ष बी.के. सिंह ने भी संबोधित किया।

इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ उन्होंने जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रभाकर त्रिपाठी ने किया।

इस अवसर पर फाफामऊ विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, फूलपुर विधायक दीपक पटेल, विधान परिषद सदस्य डॉ. के.पी. श्रीवास्तव, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, जिला विद्यालय निरीक्षक पी.एन. सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए शिक्षक, शिक्षामित्र और शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल