‘‘डिजिटल लेबर चौक एप‘‘ से श्रमिकों को मिलेगी मजदूरी, दलालों से मिलेगी मुक्ति
फिरोजाबाद, 15 जुलाई (हि.स.)। श्रमिकों को सशक्त बनाने और उन्हें रोजगार के लिए भटकने से बचाने के उद्देश्य से सरकार ने ‘‘डिजिटल लेबर चौक एप‘‘ की शुरुआत की है। फिरोजाबाद जिले में अभियान के पहले दिन ही बुधवार को 150 श्रमिकों का पंजीकरण कराया गया।
सरकार के यह डिजिटल लेबर चौक एप कुशल और अकुशल श्रमिकों के लिए उन्हें रोजगार उपलब्ध कराने के लिए एक बेहतरीन प्लेटफार्म है। ओला, उबर की तर्ज पर काम करने वाले इस ऐप के माध्यम से श्रमिक सिर्फ एक क्लिक में नौकरी के लिए आवेदन कर सकते हैं और उन्हें सीधे काम मिल जाएगा। जिससे मजदूरों को अब काम की तलाश में चौराहे या दलालों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। ऐप पर पंजीकृत होते ही उनकी योग्यता के अनुसार उन्हें रोजगार उपलब्ध हो जाएगा, इस डिजिटल प्लेटफार्म से हुनरमंद कारीगरों को सर्वाधिक लाभ होगा।
सहायक श्रमायुक्त यशवंत कुमार ने बताया कि यदि किसी उपभोक्ता या उद्यमी को किसी भी प्रकार के श्रमिक की आवश्यकता है तो ऐप पर अपनी मांग डाल सकते हैं, अधिकतम 48 घंटे के भीतर उन्हें संबंधित श्रमिक उपलब्ध करा दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि श्रमिकों के कौशल को और बेहतर करने के लिए सरकार द्वारा उन्हें समय-समय पर विशेष प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा।
चंद्रशेखर मंडल द्वारा स्थापित इस प्लेटफार्म पर श्रमिकों के कम वेतन और भुगतान से जुड़ी सभी जानकारियां और डाटा पूरी तरह उपलब्ध रहेगा। इस डिजिटल व्यवस्था से श्रमिकों की दैनिक आजीविका सुरक्षित होगी और उन्हें अपनी मेहनत का सही मूल्य व सम्मान मिल सकेगा।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

