home page

वाराणसी में धर्मसंघ शिक्षा मण्डल प्रांगण में होगा श्री श्याम महोत्सव

 | 
वाराणसी में धर्मसंघ शिक्षा मण्डल प्रांगण में होगा श्री श्याम महोत्सव


वाराणसी, 23 अक्टूबर (हि. स.)। वाराणसी में श्याम प्रेमियों का अपना उत्सव 43 वां श्री श्याम महोत्सव आगामी 25 अक्टूबर 2026 रविवार को दुर्गा कुंड स्थित धर्मसंघ शिक्षा मण्डल (मणि मंदिर) के प्रांगण में अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। श्री श्याम बाल मंडल द्वारा आयोजित महोत्सव में देशभर के कई नामी गिरामी भजन गायक अपने सुरों से श्याम प्रभु की आराधना करेंगे। शुक्रवार को दुर्गाकुंड स्थित पत्रकार वार्ता में संस्था के पदाधिकारियों यह जानकारी दी।

धर्म संघ शिक्षा मण्डल में संस्था के अध्यक्ष संजीव अग्रवाल डब्बू, मंत्री अमित शर्मा, कार्यक्रम संयोजक कृष्ण कुमार शर्मा, श्याम बूबना, निखिल अग्रवाल, निशु, शिवम शर्मा एवं समाजसेवी विजय मोदी और महेश चौधरी ने संयुक्त रूप से बताया कि 43 वां श्रीश्याम महोत्सव दुर्गाकुंड स्थित धर्मसंघ शिक्षा मण्डल (मणि मंदिर) के प्रांगण में 25 अक्टूबर रविवार को सुबह नौ बजे से रात्रि प्रभु इच्छा तक मनाया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि त्रिदेव मंदिर सेवक परिवार के अध्यक्ष भरत सराफ होंगे। स्वाग्ताध्यक्ष प्रदीप तुलस्यान ओंकार नाथ महेश्वरी, कमल अग्रवाल, पुरुषोत्तम जालान होंगे। सर्वप्रथम प्रातः काल सात बजे संस्था के संरक्षक सूर्योदय शास्त्री के नेतृत्व में रुद्राभिषेक किया जाएगा। सुंदरकांड पाठ के कार्यक्रम संयोजक कृष्ण कुमार काबरा, नीरज महर्षि के नेतृत्व में आचार्य संजय हजारी द्वारा 501 भक्तों के साथ प्रातः नौ बजे सुंदरकांड का पाठ किया जाएगा। दोपहर 12 बजकर 30 मिनट बजे समाज की महिलाओं द्वारा भव्य महारास का आयोजन होगा। तत्पश्चात कलाकारों के साथ साथ बाहर से आए कलाकारों द्वारा भजनों की रसधार बहाई जाएगी।

उन्होंने बताया कि कलाकारों में मुख्य रूप से जयपुर के प्रख्यात भजन गायक दादा कुमार नरेंद्र, अभिषेक नामा, नवीन शर्मा, ऋषिकेश, कोलकाता से संजू शर्मा, मुंबई से रोहित शर्मा, वाराणसी स्थानीय मंडल श्री त्रिदेव मंदिर सेवक परिवार एवं श्रीश्याम मंडल आदि शामिल हैं।

वही, संस्था के कोषाध्यक्ष पवन शर्मा और मीडिया प्रभारी सुरेश तुलस्यान ने संयुक्त रूप से बताया कि महोत्सव के लिए कोलकाता से आए कारीगरों द्वारा भव्य सजावट कराई जाएगी। देशी विदेशी फूलों से श्याम प्रभु की अलौकिक झांकी रथ पर विराजमान होगी। श्याम प्रभु को सवामणि का भोग लगाया जाएगा, जो भक्तों को वितरण होगा। रात्रि में श्री श्याम प्रभु की महाआरती की की जाएगी। इस अवसर पर संस्था के सभी सदस्य शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / शरद