home page

जेठ मास की नवमी पर विंध्यवासिनी धाम में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

 | 
जेठ मास की नवमी पर विंध्यवासिनी धाम में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब


जेठ मास की नवमी पर विंध्यवासिनी धाम में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब


मीरजापुर, 11 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में जेठ मास की नवमी तिथि पर सोमवार को मां विंध्यवासिनी धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन के लिए लगभग दो लाख श्रद्धालु धाम पहुंचे। सुबह से ही मंदिर परिसर, परिक्रमा पथ और गंगा घाटों पर भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं।

धाम में सबसे अधिक भीड़ बच्चों के मुंडन संस्कार कराने वाले श्रद्धालुओं की रही। दूर-दराज जनपदों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने देवान घाट, पक्का घाट और गुदारा घाट पर गंगा स्नान करने के बाद तीर्थपुरोहितों के यहां पूड़ी-हलुआ आदि प्रसाद तैयार कर मां का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। दर्शन-पूजन के बाद श्रद्धालुओं ने परिक्रमा पथ के प्रथम तल पर बच्चों का मुंडन संस्कार कराया। पूरे दिन मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठान, शंखध्वनि और “जय मां विंध्यवासिनी” के जयघोष से भक्तिमय माहौल बना रहा।

भीषण गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं दिखी। मंदिर प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा और दर्शन व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। भीड़ नियंत्रण के लिए जगह-जगह बैरिकेडिंग के साथ पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा