रामेश्वर मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, अंतिम सोमवार पर शिवालयों में गूंजा हर-हर महादेव
मीरजापुर, 24 अगस्त (हि.स.)। श्रावण मास के अंतिम सोमवार को विंध्य क्षेत्र के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। शिवपुर स्थित रामेश्वर मंदिर में भोर से ही भक्तों की कतार लग गई, जो देर शाम तक दर्शन-पूजन के लिए पहुंचती रही। भक्तों ने गंगाजल, बेलपत्र, धतूरा, मदार, फूल, दूध और भस्म अर्पित कर बाबा का जलाभिषेक किया। कई श्रद्धालुओं ने रुद्राभिषेक भी किया।
भोर में बाबा रामेश्वर का विशेष श्रृंगार और पूजन कर मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इसके बाद मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा। क्षेत्र के इस प्रमुख शिवालय में बड़े शिवलिंग के दर्शन के लिए भक्तों में विशेष उत्साह रहा। मंदिर के बाहर पूजन सामग्री और फूल-माला की दुकानों पर भी दिनभर भीड़ रही।
इसी तरह मोतिया तालाब स्थित मुक्तेश्वर महादेव, बावली तिराहा के बूढ़ेनाथ महादेव, कंतितेश्वर महादेव, दूधनाथ तिराहा स्थित महादेव और जयपुरिया गली के विंध्य महादेव समेत अन्य शिवालयों में भी श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की।
बाबा बदेवरानाथ धाम में उमड़े श्रद्धालु
वहीं बाबा बदेवरानाथ धाम में 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। दोपहर तक करीब 500 मीटर लंबी कतार लगी रही। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग कर वाहनों का प्रवेश रोका। पुलिसकर्मी लगातार भ्रमण कर व्यवस्था संभालते रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

