home page

मीरजापुर : श्रावण मास में मां भंडारी देवी के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब

 | 
मीरजापुर : श्रावण मास में मां भंडारी देवी के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब


- 11 अगस्त को मायके से डोली में आएंगी मां, तीन वर्ष बाद निकलेगी भव्य शोभायात्रा

मीरजापुर, 02 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद में श्रावण मास के पहले रविवार को अहरौरा डीह स्थित ऊंचे पर्वत पर विराजमान मां भंडारी देवी के दरबार में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही हजारों श्रद्धालु लंबी कतारों में खड़े होकर माता का दर्शन-पूजन करने पहुंचे। मां के जयकारों से पूरा पर्वत और मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।

भक्तों ने माता को हलुआ-पूड़ी, नारियल, चुनरी और लचीदाना अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना की। सावन के अवसर पर मंदिर परिसर और पहाड़ी के नीचे मेले जैसा नजारा देखने को मिला। दूर-दराज के गांवों और आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे।

क्षेत्र में कुलदेवी के रूप में पूजित मां भंडारी देवी के मंदिर में सावन माह के प्रत्येक रविवार और मंगलवार को विशेष पूजा-अर्चना होती है। मंदिर के पुजारी संदीप पांडेय उर्फ रिंकू पांडेय ने बताया कि इस वर्ष सावन के दूसरे मंगलवार, 11 अगस्त को मां भंडारी देवी अपने मायके से डोली में पर्वत स्थित मंदिर पहुंचेंगी। यह परंपरा प्रत्येक तीन वर्ष पर निभाई जाती है, जब हजारों श्रद्धालु गाजे-बाजे के साथ मां की डोली को नैहर से ससुराल तक लेकर आते हैं।

इसी धार्मिक परंपरा के चलते इस वर्ष भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। प्रशासन और मंदिर समिति भी आयोजन की तैयारियों में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा