विंध्याचल के विकास को लेकर सपा-कांग्रेस पर बरसे मंत्री एके शर्मा, बोले- पहले की सरकारों ने नहीं रखी एक ईंट
- बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए 55 करोड़ रुपये खर्च होंगे, एक हजार ट्रांसफार्मर बदले जाएंगे; मीरजापुर में 1600 मेगावाट का पावर प्लांट भी बन रहा
मीरजापुर, 29 नवंबर (हि.स.)। विंध्याचल धाम में आस्था के साथ आधुनिक सुविधाओं का विस्तार अब विकास की नई पहचान बन रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना करने वालों को एक बार विंध्याचल आकर विकास कार्यों को देखना चाहिए। मां विंध्यवासिनी धाम में कॉरिडोर से लेकर सड़क, वाई-फाई और अन्य आधुनिक सुविधाओं का विकास विरासत के साथ विकास की सोच का उदाहरण है। यह बातें प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने रविवार को शास्त्री सेतु मार्ग स्थित होटल जान्हवी पैलेस में आयोजित कार्यक्रम में कहीं।
मंत्री ने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि हजारों वर्षों से विंध्याचल सनातन आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है, लेकिन पूर्ववर्ती सरकारों ने इसके विकास के लिए एक ईंट तक नहीं रखी। उन्होंने कहा कि बचपन से उनका जुड़ाव मां विंध्यवासिनी धाम से रहा है। उन्होंने धाम की पुरानी स्थिति भी देखी है। आज डबल इंजन सरकार में यहां विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राजू कन्नौजिया ने भी पूर्ववर्ती सरकारों की बिजली व्यवस्था पर सवाल उठाए। नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी ने सरकार की विकास योजनाओं की जानकारी दी। मंच पर राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष सोहन लाल श्रीमाली, मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्य, जिला सहकारी संघ के अध्यक्ष जगदीश सिंह पटेल सहित भाजपा के पदाधिकारी मौजूद रहे। अधिशासी अधिकारी गोवा लाल ने अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान काशी की प्रसिद्ध नृत्यांगना डॉ. ममता टंडन की शिष्याओं मांडवी सिंह और शाम्भवी ने देवी स्तुति पर आधारित कथक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
15 दिन तक गुल रहती थी बिजली
ऊर्जा मंत्री ने पूर्ववर्ती सपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि उस समय 15-15 दिन तक बिजली नहीं आती थी। गांवों में 55 से 60 दिन तक बिजली संकट की स्थिति रहती थी। आज पांच-दस मिनट बिजली जाने पर भी लोग परेशान हो जाते हैं। वर्तमान सरकार गांवों में 20 से 22 घंटे बिजली उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही है।
बिजली सुधार पर 55 करोड़ खर्च होंगे
मंत्री ने जिले की बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए बड़ा ऐलान करते हुए बताया कि पहले से स्वीकृत साढ़े 45 करोड़ रुपये की धनराशि में अपनी ओर से 10 करोड़ रुपये और बढ़ाए हैं। इस धनराशि से जिले में एक हजार ट्रांसफार्मर बदले जाएंगे। बांस-बल्ली के सहारे चल रही बिजली व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को बिजली से वंचित मजरों की जानकारी जुटाकर विद्युतीकरण कराने का निर्देश दिया। साथ ही लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
प्रधानमंत्री कर सकते हैं पावर प्लांट का शिलान्यास
मंत्री ने बताया कि मीरजापुर में निजी क्षेत्र का 1600 मेगावाट क्षमता वाला बिजली संयंत्र स्थापित किया जा रहा है। इसमें 800 मेगावाट की दो यूनिटें होंगी। परियोजना का करीब 40 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और इससे चार हजार लोगों को रोजगार मिल चुका है। इसके साथ ही 765 केवी क्षमता का ट्रांसमिशन सब स्टेशन भी स्थापित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों परियोजना का शिलान्यास कराने की तैयारी की जा रही है।
चुनाव में भाजपा के हाथ मजबूत करने की अपील
मंत्री ने आगामी विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए लोगों से भाजपा के हाथ मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि विंध्याचल धाम का विकास आस्था और आधुनिकता के समन्वय से किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

