बाराबंकी में देवा शरीफ की मजार पर आए हिन्दू युवक को दुकानदार ने पीटा, माथे पर लगा तिलक धुलवाया
बाराबंकी, 05 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बाराबंकी में देवा शरीफ की मजार पर मुस्लिम महिला के साथ चादर चढ़ाने आए एक हिंदू युवक को दुकानदार ने गाली गलौज कर मारा पीटा व उसका माथे पर लगा तिलक जबरन धुलवा दिया। युवक ने स्थानीय देवा कोतवाली में जाकर दुकानदार के खिलाफ तहरीर दी है।
शहर कोतवाली के दशहरा बाग निवासी हरीश शर्मा पड़ोसी एक मुस्लिम महिला के साथ देवा शरीफ की दरगाह पर चादर चढ़ाने गुरुवार दोपहर आया था। जब महिला चादर चढ़ाने के लिए अंदर गई तब वह बाहर था। इसी दौरान एक दुकानदार ने उनके कान पकड़कर थप्पड़ मारा। माथे पर लगा तिलक भी धुलवा दिया। पीड़ित ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। यह पूरी घटना पास की एक दुकान में वीडियो रिकॉर्ड हो गई। मजार पर आई मुस्लिम महिला आयशा बानो ने बताया कि पड़ोस का लड़का हरीश शर्मा उन्हें लेकर मजार आया था। उसके साथ दुकानदार ने मारपीट की है। उसके माथे पर लगा तिलक भी धुलवाया है। पुलिस दुकानदार को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। एस एस आई ने बताया कि घटना से संबंधित वीडियो उपलब्ध फुटेज को भी जांच में शामिल किया गया है ।
थाना देवा के वरिष्ठ उप निरीक्षक धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और पीड़ित की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वीडियो की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की विधि कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

