देव दीपावली से पहले होटलों और प्रमुख लॉज के कमरों की ऑनलाइन बुकिंग ने पकड़ा जोर
वाराणसी, 22 नवम्बर (हि. स.)। देव दीपावली (कार्तिक पूर्णिमा) के आयोजन से पहले रविवार को होटलों और प्रमुख लॉज के कमरों की ऑनलाइन बुकिंग ने जोर पकड़ लिया है। रविवार की सुबह तक शहर के नामचीन होटलों और प्रमुख लॉज के कमरों की ज्यादातर बाहर से आने वाले पर्यटकों ने बुकिंग कर लिया है। ऐसी स्थिति में हाेटल मालिकाें ने कमरों की कीमताें में भी बढ़ाेत्तरी की है। एक हजार से पंद्रह सौ रुपये वाले कमरों की कीमत पच्चीस सौ से तीन हजार रुपये तक पहुंच गई है। वही, घाटों के किनारे लॉज के कमरे की कीमत तीन हजार से पांच हजार रुपये तक है।
पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक दिनेश कुमार की माने तो वाराणसी में प्रत्येक वर्ष देव दीपावली पर बड़ी संख्या में पर्यटकों का घाटों पर होने वाली भव्यता को देखने के लिए आना होता है। यही कारण है कि यहां रुकने की व्यवस्था में होटलों और लॉज के कमरों की बुकिंग ऑनलाइन हो रही है। वर्ष भर के इंतजार के बाद होटल के कमरों को बुक करते हुए मालिकों के चेहरे पर प्रसन्नता रहती है। ऐसे में उनके द्वारा रेट को बढ़ा देना लाजमी है।
लहुराबीर के केसर लॉज के प्रबंधक हिमांशु ने बताया कि उनके यहां देव दीपावली को देखते हुए कमरों की कीमत में मामूली बढ़ोतरी हुई है, जबकि शहर के अन्य जगहों पर रेट उनके यहां से अधिक बढ़े हैं। उनके यहां अभी भी कमरे दो हजार रुपये में उपलब्ध है, लेकिन देव दीपावली तक कोई भी कमरा खाली नहीं है।
दशाश्वमेध घाट और अस्सी घाट के चारों तरफ फैले हुए लॉज के मकड़जाल में कमरों की बुकिंग करने के लिए एजेंट भी सक्रिय हो गए हैं। एजेंट अपनी पारिश्रमिक में लोगों को सीधे कमरा दिला रहे हैं और अपना 20 प्रतिशत ले रहे हैं। एजेंट के माध्यम से लोगों को उनके मनचाहे स्पॉट पर लॉज या होटल में कमरा मिल रहे हैं।
------------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

