home page

वाराणसी के मंडलीय चिकित्सालय का उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने किया औचक निरीक्षण

 | 
वाराणसी के मंडलीय चिकित्सालय का उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने किया औचक निरीक्षण


वाराणसी, 18 जुलाई (हि. स.)। वाराणसी के कबीरचौरा स्थित शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय चिकित्सालय में शनिवार को शाम के वक्त उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने औचक निरीक्षण किया और चिकित्सालय में भर्ती मरीजों से भेंटकर उनके स्वास्थ्य का कुशलक्षेम जाना एवं अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने एक महिला मरीज से पूछा कि क्या आपको डॉक्टर से मिलने या अन्य किसी प्रकार की कोई असुविधा हो रही है। जिस पर महिला मरीज ने कहा कि वह काफी समय से बैठी हैं। अभी उनका नंबर नहीं आया है। वह अपने पांव के उपचार के लिए आई हैं। इसके बाद उपमुख्यमंत्री ने तत्काल ही चिकित्सकों को उनके उपचार के लिए निर्देशित किया।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने चिकित्सकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी मरीज के उपचार में किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए। पर्चे पर लिखी जाने वाली दवाएं मरीज को बाहर से ना खरीदना पड़े। चिकित्सालय से ही दवा उपलब्ध हो जाए। आयुष्मान कार्ड धारकों को चिकित्सा की सुविधा देने में कोई समस्या ना हो। सेवा के भाव को रखकर चिकित्सक अपना काम करें।

उपमुख्यमंत्री ने चिकित्सालय में नव निर्माण कार्यों की भी जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान महापौर अशोक तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव सहित चिकित्सा अधिकारी भी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद