home page

देवरिया में तेलिया कला विद्युत उपकेंद्र पर ग्रामीणों का गुस्सा फूटा, प्रदर्शन कर की नारेबाजी

 | 
देवरिया में तेलिया कला विद्युत उपकेंद्र पर ग्रामीणों का गुस्सा फूटा, प्रदर्शन कर की नारेबाजी


देवरिया, 21 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में बरहज क्षेत्र के तेलिया कला विद्युत उपकेंद्र पर गुरुवार को खराब बिजली व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण उपकेंद्र पर पहुंच गए और धरना प्रदर्शन करते हुए बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि लगातार बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और जर्जर तारों के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना था कि आए दिन होने वाले लोकल फॉल्ट के कारण कई गांवों में घंटों बिजली बाधित रहती है, लेकिन विभाग इस समस्या के समाधान के प्रति गंभीर नहीं है।

धरना प्रदर्शन की सूचना मिलते ही मौके पर नायब तहसीलदार और एसडीओ बरहज पहुंचे। ग्रामीणों और सपा नेताओं ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन अधिकारियों को सौंपा और जल्द बिजली व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की।

इस दौरान विजय रावत ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 24 घंटे के भीतर लगभग 35 गांवों की बिजली व्यवस्था ठीक नहीं हुई तो समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता और ग्रामीण इसी उपकेंद्र पर अनिश्चितकालीन धरना देने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि गर्मी के इस मौसम में बिजली न रहने से आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। किसानों की सिंचाई, छात्रों की पढ़ाई और व्यापारियों का कामकाज भी प्रभावित हो रहा है। इसके बावजूद विभाग के अधिकारी समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान रामविश्वास यादव, विनीत उपाध्याय, आकाश यादव, विकास, सूरज सिंह, नौरतन, बलवंत, विकेश और मनोज सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक