home page

देवरिया के पुरवा चौराहे का नाम वंदे मातरम् चौक करने की मांग, ज्ञापन सौंपा

 | 
देवरिया के पुरवा चौराहे का नाम वंदे मातरम् चौक करने की मांग, ज्ञापन सौंपा


देवरिया, 16 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में पुरवा चौराहे का नाम बदलकर “वंदे मातरम् चौक” रखने की मांग उठी है। इस संबंध में विश्व हिन्दू महासंघ ने प्रदेश सरकार को प्रस्ताव भेजा है। यह प्रस्ताव संगठन के जिलाध्यक्ष संजय तिवारी के नेतृत्व में तैयार किया गया, जिसे नगर पालिका अध्यक्षा अलका सिंह के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए प्रेषित किया गया है।

संगठन के पदाधिकारियाें का कहना है कि “वंदे मातरम्” केवल एक नारा नहीं, बल्कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की आत्मा और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उनका कहना था कि इस उद्घोष ने स्वतंत्रता सेनानियों में साहस और बलिदान की भावना जगाई और आज भी यह देशवासियों को एकता व समर्पण के लिए प्रेरित करता है।

पदाधिकारियों के अनुसार पुरवा चौराहे का नाम “वंदे मातरम् चौक” किए जाने से जनमानस में राष्ट्रभक्ति की भावना और सशक्त होगी तथा नई पीढ़ी को देश के महान बलिदानों से प्रेरणा मिलेगी। संगठन ने प्रस्तावित स्थल को शहीदों के चित्र, तिरंगा ध्वज, भारत माता की प्रतिमा और “वंदे मातरम्” गीत की पट्टिका से सजाने की योजना भी प्रस्तुत की है। ज्ञापन साैंपने वालाें में पूर्व राज्य मंत्री नीरज शाही, मंडल प्रभारी बृजेश कुमार तिवारी, जिला मंत्री गिरिजेश तिवारी, व्यापार प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा, जिला उपाध्यक्ष अशोक यादव और मीडिया प्रभारी पुण्यप्रकाश पाण्डेय समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक