देवरिया : सामूहिक विवाह समारोह में 181 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ, कृषि मंत्री ने दिया आशीर्वाद
- पथरदेवा में आयोजित समारोह में 170 हिंदू और 11 मुस्लिम जोड़ों का विवाह संपन्न, कृषि मंत्री ने दिया नवदंपतियों को आशीर्वाद
देवरिया, 31 अक्टूबर (हि.स.)। समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शनिवार को जनपद देवरिया में आचार्य नरेंद्र देव इंटर कॉलेज, पथरदेवा के प्रांगण में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में 181 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। इनमें 170 हिंदू और 11 मुस्लिम जोड़े शामिल रहे। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक रीति-रिवाजों के बीच नवदंपतियों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर नए जीवन की शुरुआत की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने नवदंपतियों के सुखमय और सफल वैवाहिक जीवन की कामना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए सहारा बन रही है। इस योजना से गरीब परिवारों को अपनी बेटियों की शादी करने में आर्थिक मदद मिल रही है।
समारोह में तरकुलवा ब्लॉक प्रमुख राम आशीष गुप्ता, नगर पंचायत तरकुलवा के अध्यक्ष जनार्दन कुशवाहा, भाजपा नेता प्रभात सिंह, रणधीर सिंह गोलू, दिनेश प्रसाद, संजय सिंह, रामायन साहनी, ग्राम प्रधान रविंद्र खरवार, उषा यादव, रमाशंकर कुशवाहा, राम आशीष प्रसाद, राजू भारती, जीवन पति त्रिपाठी और जिला समाज कल्याण अधिकारी कुशीनगर रमाशंकर यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
योजना के अंतर्गत प्रत्येक जोड़े पर एक लाख रुपये खर्च किए जाते हैं। इसमें विवाहित कन्या के बैंक खाते में 64 हजार रुपये की धनराशि भेजी जाती है, जबकि 21 हजार रुपये की गृहस्थी की सामग्री दी जाती है। इसके अलावा 15 हजार रुपये समारोह के आयोजन पर खर्च किए जाते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

